नई दिल्ली: कोरोना वायरस महामारी संकट पर भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के पूर्व गवर्नर रघुराम राजन ने कहा है कि भारत को इससे बाहर निकलने तथा अर्थव्यवस्था को गति देने के लिए नया तरीका ढूंढना होगा। इकॉनमिक टाइम्स को दिए इंटरव्यू में राजन ने जीवन के साथ-साथ आजीविका बचाने के लिए आर्थिक गतिविधियों को धीरे-धीरे शुरू करने की बात कही।
राजन ने कहा कि कोरोना वायरस महामारी के बाद का वक्त वित्तीय अस्थिरता और राजकोषीय संकट वाला नहीं होना चाहिए, जैसा कोरोना संकट शुरू होने के समय था। उन्होंने इस बात पर जोर देते हुए कहा कि इसके लिए उल्लेखनीय सुधारों की आवश्यकता होगी और इन सुधारों पर हम किस तरह राजनीतिक एकमत कायम करते हैं, यह मूल सवाल होगा। राजन ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर ये सुधार नहीं किए गए तो भारत बेहद अप्रभावी तरीके से आगे बढ़ेगा और एक बहुत बड़ी युवा आबादी वाले देश के लिए यह अच्छा नहीं होगा।

