दक्षिण कोरियाई कंपनी हुंडई मोटर्स की भारतीय शाखा आईपीओ लाने की संभावना तलाश रही है। यह आईपीओ कंपनी की बदली हुई रणनीति के तहत आएगा, जिसमें कंपनी ने घरेलू बाजारों से पैसा जुटाने का लक्ष्य रखा है। हुंडई मोटर्स इंडिया का यह पब्लिक इश्यू देश का अब तक का सबसे बड़ा आईपीओ हो सकता है। मौजूदा समय में बीमा कंपनी एलआईसी का आईपीओ देश का सबसे बड़ा आईपीओ है, जिसका साइज 21,000 करोड़ रुपये था.
जानकारी के मुताबिक गोल्डमैन सैस, सिटी, मॉर्गन स्टेनली, जेपी मॉर्गन, बैंक ऑफ अमेरिका, एचएसबीसी, ड्यूश बैंक और यूबीएस की ओर से सियोल में हुंडई मोटर्स के शीर्ष नेतृत्व से बात की गई थी। बैंकर्स ने हुंडई मोटर्स इंडिया की वैल्यू 22 से 28 अरब डॉलर बताई है। कंपनी 15 से 20 प्रतिशत हिस्सा आईपीओ में बेच सकती है और इसकी वैल्यू 27,390 करोड़ से लेकर 46,480 करोड़ रुपये तक हो सकती है। इन तमाम ख़बरों के बीच हुंडई ग्लोबल की ओर से इस आईपीओ पर कोई बयान नहीं जारी किया गया है।
हुंडई मोटर्स की भारत में एंट्री 1996 में हुंडई मोटर्स इंडिया के रूप में हुई थी, कंपनी ने 2023 में करीब 6 लाख गाड़ियों की बिक्री की थी, साथ ही कंपनी ने 1.63 लाख गाड़ियां का निर्यात किया था। कंपनी का मार्केट शेयर 14.72 प्रतिशत का है। वित्त वर्ष 2022-23 में कंपनी की आय 59,781 करोड़ रुपये थी। इस दौरान कंपनी को 4,623 करोड़ का मुनाफा हुआ था। पिछले वित्त वर्ष में कंपनी का मार्जिन 14.33 प्रतिशत था।

