हुंडई मोटर कंपनी की भारतीय शाखा हुंडई मोटर इंडिया लिमिटेड ने $18 बिलियन से $20 बिलियन के बीच लक्षित मूल्यांकन पर आरंभिक सार्वजनिक पेशकश (IPO) के माध्यम से लगभग $3 बिलियन जुटाने के लिए बाजार नियामक सेबी के पास मसौदा पत्र दाखिल किया है।
DRHP में दी गई जानकारी में कहा गया है कि इस आईपीओ के तहत कंपनी ऑफर फॉर सेल (OFS) के तहत 10 रुपये अंकित मूल्य वाले 14,21,94,700 शेयर बेचेगी। इस ओएफएस में कंपनी के प्रमोटरों द्वारा शेयर बेचे जाएंगे। कंपनी ने आगे कहा कि आईपीओ के जरिए फर्म इक्विटी शेयरों को एक्सचेंज पर लिस्ट कराकर लिस्टिंग का लाभ उठाना चाहती है।
अगर हुंडई मोटर्स के आईपीओ को सेबी से मंजूरी मिल जाती है तो यह अब तक का सबसे बड़ा आईपीओ होगा। फिलहाल, भारतीय जीवन बीमा निगम द्वारा 2022 में लाया गया 2.7 अरब डॉलर का आईपीओ अब तक का सबसे बड़ा आईपीओ है। हुंडई मोटर्स ने शेयर बाजार में एंट्री के लिए कोटक महिंद्रा, सिटीबैंक, मॉर्गन स्टेनली, जेपी मॉर्गन और एचएसबीसी को ग्लोबल इन्वेस्टमेंट बैंक नियुक्त किया है।
मई में हुंडई मोटर्स इंडिया की बिक्री में साल-दर-साल 7 फीसदी की बढ़ोतरी हुई और यह 63,551 यूनिट रही। पैसेंजर व्हीकल की बिक्री के मामले में हुंडई मोटर्स मारुति सुजुकी के बाद देश की दूसरी सबसे बड़ी कंपनी है। कंपनी ने भारत में अपना पहला मैन्युफैक्चरिंग प्लांट 1998 में लगाया था, जबकि दूसरा 2008 में शुरू हुआ था। पिछले साल हुंडई मोटर्स ग्रुप ने भारत में करीब 3.75 अरब डॉलर के निवेश का ऐलान किया था।

