हीरो मोटर्स कंपनी (HMC) समूह की वाहन कलपुर्जा कंपनी हीरो मोटर्स लिमिटेड ने आईपीओ लाने के लिए शनिवार को बाजार नियामक सेबी के पास मसौदा पत्र दाखिल किया। कंपनी की आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के जरिए 900 करोड़ रुपये जुटाने की योजना है। ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (डीआरएचपी) के मुताबिक आईपीओ के तहत 500 करोड़ रुपये के नए इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे। इसके अलावा प्रमोटर 400 करोड़ रुपये के शेयरों की बिक्री पेशकश (ओएफएस) करेंगे।
ओएफएस में ओपी मुंजाल होल्डिंग्स 250 करोड़ रुपये और भाग्योदय इंवेस्टमेंट्स तथा हीरो साइकिल्स 75-75 करोड़ रुपये के शेयर पेश कर रही हैं। कंपनी आईपीओ से पहले 100 करोड़ रुपये जुटा सकती है और ऐसा होने पर नए इश्यू का आकार छोटा हो जाएगा। नए इश्यू से जुटाई गई राशि का इस्तेमाल कर्ज चुकाने, क्षमता विस्तार और अन्य कार्यों में किया जाएगा।
हीरो मोटर्स के ग्राहकों में बीएमडब्ल्यू, डुकाटी मोटर होल्डिंग्स एसपीए, फॉर्मूला मोटरस्पोर्ट आदि शामिल हैं। कंपनी दोपहिया वाहनों, ई-बाइक, ऑफ रोड वाहनों, इलेक्ट्रिक, हाइब्रिड कारों, हेवी ड्यूटी वाहनों आदि के लिए अपनी सेवाएं देती है। पिछले वित्त वर्ष में कंपनी ने 1064.40 करोड़ रुपये की कमाई की थी। कंपनी की 59 फीसदी आय भारत से और 29 फीसदी यूरोप से आती है।

