ऑनलाइन ट्रांज़ैक्शन HDFC अकाउंट होल्डर्स के लिए एक खबर है. खबर के मुताबिक इस महीने दो दिन यूपीआई बंद रहेगा। इस बारे में एचडीएफसी बैंक ने अपने ग्राहकों को जानकारी दी है। एचडीएफसी बैंक ने अपने ग्राहकों से कहा है कि वे नवंबर में दो दिन बैंक की यूपीआई सेवा का इस्तेमाल नहीं कर पाएंगे। बैंक की वेबसाइट से मिली जानकारी के मुताबिक, कुछ जरूरी सिस्टम मेंटेनेंस की वजह से एचडीएफसी बैंक की यूपीआई सेवा नवंबर में दो दिन बंद रहेगी।
एचडीएफसी बैंक ने कहा कि बैंक की यूपीआई सेवाएं 5 नवंबर को 12.00 बजे से 02.00 बजे तक 2 घंटे और फिर 23 नवंबर को 12.00 बजे से 03.00 बजे तक 3 घंटे के लिए बंद रहेंगी। बैंक ने कहा है कि इस दौरान एचडीएफसी बैंक के चालू और बचत खातों के साथ-साथ RuPay कार्ड पर कोई भी वित्तीय और गैर-वित्तीय यूपीआई लेनदेन संभव नहीं होगा। इसके अलावा, एचडीएफसी बैंक की यूपीआई सेवा के जरिए भुगतान स्वीकार करने वाले दुकानदार भी इस दौरान भुगतान स्वीकार नहीं कर पाएंगे।
अगर आप अपने एचडीएफसी बैंक खाते से यूपीआई चलाते हैं, तो आप एचडीएफसी बैंक मोबाइल ऐप, पेटीएम, फोनपे, गूगल पे, मोबिक्विक जैसे यूपीआई के जरिए न तो पैसे भेज पाएंगे और न ही प्राप्त कर पाएंगे। कुल मिलाकर, इस दौरान कोई भी यूपीआई लेनदेन संभव नहीं होगा, जो एचडीएफसी बैंक से जुड़ा हुआ है।

