देश की दिग्गज आईटी कंपनी HCL टेक्नोलॉजी ने गुरूवार के कारोबार में बड़ी उपलब्धि हासिल की है. कारोबार के दौरान कंपनी का मार्केट कैप बढ़कर 2.2 लाख करोड़ से ज्यादा हो गया. इसके साथ ही एचसीएल टेक मार्केट कैप के मामले में शेयर बाजार की टॉप 10 कंपनियों में शामिल हो गई है. एचसीएल ने इस मामले में एफएमसीजी कंपनी आईटीसी को पीछे छोड़ दिया है. आईटीसी अब 11वें नंबर पर आ गई है. बता दें कि एचसीएल टेक के शेयरों में इस साल शानदार तेजी देखने को मिली है.
HCL टेक्नोलॉजी के शेयरों में इस साल जोरदार तेजी देखने को मिली है. मार्च में कोरोना वायरस के चलते जब शेयरों की पिटाई हुई तो इसकी मार एचसीएल टेक पर भी पड़ी थी. 19 मार्च को शेयर 375 रुपये के भाव पर आ गया जो 1 साल का लो है. हालांकि उसके बाद से शेयर में लगातार तेजी आई है. 19 मार्च के लो से 17 सितंबर यानी 6 महीने के भीतर शेयर 117 फीसदी चढ़कर 817 रुपये के भाव पर पहुंच गया.
आज के कारोबार में भी एचसीएल टेक में 3 फीसदी के करीब तेजी आई. बुधवार को शेयर 789.35 रुपये के भाव पर बंद हुआ था, जबकि आज 817 रुपये पर पहुंच गया. इस भाव के साथ ही कंपनी का मार्केट कैप 2.2 लाख करोड़ को पार कर गया. आईटीसी का मार्केट कैप 2.19 लाख करोड़ है.
HCL टेक्नोलॉजी मार्केट कैप के मामले में तीसरी सबसे बड़ी कंपनी है. पहले नंबर पर टीसीएस है, जिसका मार्केट कैप 9.32 लाख करोड़ है. दूसरे नंबर पर इंफोसिस है, जिसका मार्केट कै. 4.32 लाख करोड़ है.

