स्टॉकिस्टों की ताजा बिकवाली के कारण राष्ट्रीय राजधानी में मंगलवार सोने की कीमतें रिकॉर्ड ऊंचाई से धड़ाम हो गईं। दिन के कारोबार के दौरान पीली धातु 400 रुपये गिरकर 78,300 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गयी। सर्राफा संघ के आंकड़ों के मुताबिक सोमवार को सोना 78,700 रुपये प्रति 10 ग्राम के सर्वकालिक उच्च स्तर पर बंद हुआ था। हालांकि, वैश्विक बाजारों में सिल्वर में गिरावट के बाद प्रॉफिट बुकिंग के कारण चांदी 94,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर स्थिर रही। इसके अलावा 24 कैरेट सोना भी अपने शिखर से 400 रुपये नीचे 77,900 रुपये प्रति 10 ग्राम पर लुढ़क गया। सोमवार को यह 78,300 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।
व्यापारियों ने कहा कि वैश्विक बाजारों में कमजोर रुख के बीच स्थानीय आभूषण विक्रेताओं की सुस्त मांग के कारण सोने की कीमतों में गिरावट आई। इस बीच एमसीएक्स पर वायदा कारोबार में दिसंबर डिलीवरी वाला सोना अनुबंध 145 रुपये गिरकर 75,900 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। एमसीएक्स पर दिसंबर डिलीवरी वाला चांदी अनुबंध 1,280 रुपये गिरकर 91,077 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गया।
ईरान और इजरायल के बीच पश्चिम एशिया में तनाव के कारण भी सोने में उतार-चढ़ाव रहा और एमसीएक्स पर इसके 75,450-76,350 रुपये के दायरे में रहने की उम्मीद है। एलकेपी सिक्योरिटीज के उपाध्यक्ष और शोध विश्लेषक जतिन त्रिवेदी ने कहा, “ब्याज दरों में कटौती को लेकर बाजार की धारणा तटस्थ बनी हुई है, जिसमें 0.25 (तिमाही) प्रतिशत की कटौती की उम्मीद है क्योंकि अमेरिकी बेरोजगारी के आंकड़े अनुरूप आ रहे हैं, जिससे बड़ी दर कटौती की उम्मीद कम हो रही है।” एशियाई कारोबारी घंटों में कॉमेक्स सोना वायदा 0.38 प्रतिशत गिरकर 2,655.80 डॉलर प्रति औंस पर आ गया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी 1.79 प्रतिशत गिरकर 31.43 डॉलर प्रति औंस पर आ गई।

