विदेशी निवेशक FPI भारतीय शेयर बाजार में खुलकर पैसा लगा रहे हैं। इस महीने अब तक भारतीय शेयर बाजारों में 6,139 करोड़ रुपये का निवेश किया है। डिपॉजिटरी डेटा के मुताबिक, इससे पहले फरवरी में उन्होंने शेयरों में 1,539 करोड़ रुपये का निवेश किया था। जनवरी में उन्होंने 25,743 करोड़ रुपये के शेयर बेचे थे. विदेशी निवेशकों के पैसा लगाने से बाजार में तेजी बनी हुई है।
बीडीओ इंडिया के मुताबिक पिछले महीने की तुलना में मार्च में एफपीआई का रुझान अधिक सकारात्मक दिख रहा है। चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) की वृद्धि दर उम्मीद से बेहतर 8.4 फीसदी रही है. इसके अलावा बड़ी भारतीय कंपनियों का प्रदर्शन काफी अच्छा रहा है. इस वजह से भारतीय शेयर बाजार FPI के बीच आकर्षक बना हुआ है. कुल मिलाकर इस साल अब तक एफपीआई ने भारतीय शेयर बाजार से 18,000 करोड़ रुपये निकाले हैं. इस दौरान उन्होंने कर्ज बाजार में 43,280 करोड़ रुपये डाले हैं.
जियोजित फाइनेंशियल सर्विसेज के मुताबिक एफपीआई तीन कारणों से भारतीय बाजार में रुचि दिखा रहे हैं। इनमें बाजार की मजबूती और अमेरिका में बॉन्ड यील्ड में गिरावट के साथ-साथ उम्मीद से बेहतर जीडीपी ग्रोथ के आंकड़े भी शामिल हैं. समीक्षाधीन अवधि में एफपीआई ने शेयरों के अलावा ऋण या बांड बाजार में 1,025 करोड़ रुपये का निवेश किया है।

