बैंक सावधि जमा यानि FD, आवर्ती जमा यानि RD, बॉन्ड और सेविंग अकाउंट में पैसा जमा करने पर सरकार टैक्स छूट देती है। कोई भी व्यक्ति ऐसे निवेश से प्राप्त ब्याज पर एक सीमा तक आयकर छूट का दावा कर सकता है। वरिष्ठ नागरिकों और सामान्य नागरिकों के लिए यह अलग है।
आप केवल पुरानी टैक्स व्यवस्था में ही बैंक सावधि जमा औरआवर्ती जमा पर मिलने वाले ब्याज पर टैक्स छूट का लाभ उठा सकते हैं। नई कर व्यवस्था में यह लाभ उपलब्ध नहीं है। एक सामान्य व्यक्ति एक वित्तीय वर्ष में सभी बचत खातों पर प्राप्त कुल ब्याज पर 10,000 रुपये तक आयकर की धारा 80TTA के तहत छूट का दावा कर सकता है। आम नागरिकों को आवर्ती जमा और बैंक सावधि जमा पर मिलने वाले ब्याज पर कोई टैक्स छूट नहीं मिलती है.
आपको बता दें, इसमें पोस्ट ऑफिस की योजनाएं शामिल नहीं हैं. एनएससी, सुकन्या समृद्धि योजना जैसी छोटी बचत योजनाओं पर सभी निवेशकों को आयकर की धारा 80सी के तहत कर छूट का लाभ मिलता है। कोई भी वरिष्ठ नागरिक एक वित्तीय वर्ष में बचत खाते, बैंक एफडी और आवर्ती जमा पर अर्जित ब्याज पर 50,000 रुपये तक आयकर की धारा 80TTB के तहत कर छूट का दावा कर सकता है। अगर कोई निवेशक बॉन्ड, कॉरपोरेट एफडी और डिबेंचर में पैसा लगाकर ब्याज कमाता है तो उसे इनकम टैक्स में किसी भी तरह की टैक्स छूट नहीं दी जाती है।

