आंकड़ों से पता चलता है कि घरेलू म्यूचुअल फंड ने एनएसई-सूचीबद्ध कंपनियों में इक्विटी होल्डिंग्स की अपनी हिस्सेदारी को सर्वकालिक उच्च स्तर तक बढ़ा दिया है, जबकि एफआईआई के साथ अंतर को अब तक के सबसे निचले स्तर तक कम कर दिया है। एनएसई-सूचीबद्ध कंपनियों में घरेलू म्यूचुअल फंड की हिस्सेदारी मार्च 2024 के अंत में बढ़कर 8.92 प्रतिशत हो गई, जो दिसंबर में 8.81 प्रतिशत थी।
मार्च तिमाही में 1.08 लाख करोड़ रुपये के शुद्ध प्रवाह के साथ घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) की हिस्सेदारी बढ़कर 16.05 प्रतिशत हो गई, जो 31 दिसंबर को 15.96 प्रतिशत थी।
दूसरी ओर, मार्च के अंत में विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) की हिस्सेदारी घटकर 11 साल के निचले स्तर 17.68 प्रतिशत पर आ गई। इससे एफआईआई-डीआईआई अंतर अब तक के सबसे निचले स्तर पर आ गया है, क्योंकि डीआईआई होल्डिंग अब एफआईआई होल्डिंग से 9.23 प्रतिशत कम है।
एफआईआई और डीआईआई होल्डिंग के बीच सबसे बड़ा अंतर मार्च 2015 को समाप्त तिमाही में था, जब डीआईआई होल्डिंग एफआईआई होल्डिंग से 49.82 प्रतिशत कम थी।
भारत की सबसे बड़ी संस्थागत निवेशक एलआईसी ने 1 प्रतिशत से अधिक हिस्सेदारी वाली 280 कंपनियों में अपनी हिस्सेदारी मार्च में बढ़ाकर 3.75 प्रतिशत कर ली, जो दिसंबर 2023 तक 3.64 प्रतिशत थी। तिमाही के दौरान बीमा कंपनियों की कुल हिस्सेदारी 5.37 प्रतिशत से बढ़कर 5.4 प्रतिशत हो गई। 14.29 लाख करोड़ रुपये की होल्डिंग के साथ बीमा कंपनियों में अकेले एलआईसी की 70 फीसदी हिस्सेदारी है.

