नई दिल्ली: टू-व्हीलर बनाने वाली कंपनियों ने बीएस-4 मानक वाले दोपहिया वाहनों को बेचने के लिए धुआंधार डिस्काउंट देना शुरू कर दिया है। डिस्काउंट्स की रेंज 11% से लेकर 15% तक चली गई है। आमतौर पर साल के अंत में और त्योहारों के समय सिर्फ 4 से 8 प्रतिशत डिस्काउंट दिया जाता था।
दोपहिया वाहनों की दिग्गज कंपनी हीरो मोटो कॉर्पोरेशन ने अपनी सबसे अधिक बिकने वाली मोटरसाइकिल हीरो स्प्लेंडर और हीरो डीलक्स पर भी 5000 रुपए तक का डिस्काउंट देना शुरू कर दिया है। वहीं स्कूटर और प्रीमियम बाइक पर ऑफर क्रमशः 10000 रुपये और 12500 रुपये से अधिक है। पुणे स्थित बजाज ऑटो अपनी बीएस-4 मॉडल्स की कुछ बाइक्स पर 5000 रुपए का डिस्काउंट दे रही है।
होंडा मोटरसाइकिल ऐंड स्कूटर इंडिया अपने ग्राहकों को 23 हजार रुपए तक की बचत ऑफर करने का दावा कर रही है। इसमें 10 हजार रुपए कैश डिस्काउंट के अलावा आईसीआईसीआई क्रेडिट कार्ड और डेबिट कार्ड के जरिए पेमेंट करने पर मिलने वाला कैश बैक और प्राइस बेनिफिट वगैरह भी शामिल हैं। सरकार ने कोरोना वायरस को रोकने के लिए देशभर में कई जगहों पर धारा 144 लगाई हुई है ताकि लोगों को एक जगह इकठ्ठा होने से रोका जा सके। डीलरों को डर है कि इससे 1 अप्रैल तक रिटेल सेल के टारगेट को पूरा करने पर बुरा असर पड़ सकता है।
ऑटोमोटिव डीलर्स एसोसिएशन फेडरेशन (FADA) के प्रेसिडेंट आशीष काले ने ईटी से कहा, ‘यह एक असामान्य स्थिति है। फिलहाल काफी अच्छी स्कीम्स चल रही हैं, लेकिन ग्राहकों को इसके लिए घर से निकलना पड़ेगा। फिलहाल लोगों की प्राथमिकताएं अलग हैं। लोग अपनी हेल्थ को लेकर सतर्क हैं और अधिक मूल्य की खरीद के बारे में नहीं सोच रहे हैं। पिछले कुछ दिनों में ग्राहकों के आने में और बाइकों की बिक्री में भारी गिरावट आई है।’

