विमानन नियामक डीजीसीए ने संकटग्रस्त स्पाइसजेट पर और कड़ी निगरानी करने का फैसला किया। इसके तहत एयरलाइन के परिचालन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए मौके पर जांच और नाईट विजिलेंस बढ़ाई जाएगी। स्पाइसजेट द्वारा उड़ानें रद्द करने और वित्तीय कठिनाइयों का सामना करने की रिपोर्टों के आधार पर डीजीसीए ने कहा कि उसने 7 और 8 अगस्त को एयरलाइन की इंजीनियरिंग सुविधाओं का विशेष ऑडिट किया और ऑडिट के दौरान कुछ कमियां पाई गईं।
नागरिक विमानन महानिदेशालय ने एक विज्ञप्ति में कहा, “पिछले रिकॉर्ड और अगस्त 2024 में किए गए विशेष ऑडिट को देखते हुए स्पाइसजेट को एक बार फिर तत्काल प्रभाव से surveillance में रखा गया है।” विमान नियामक DGCA ने कहा, “इससे परिचालन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मौके पर जांच और night surveillance की संख्या बढ़ेगी।
वहीँ वित्तीय संकट से जूझ रही स्पाइसजेट ने 150 कर्मचारियों को लंबी छुट्टी पर भेज दिया है। स्पाइसजेट के प्रवक्ता ने कहा कि कम्पनी ने 150 केबिन क्रू मेंबरों को तीन महीने के लिए टेम्पररी लीव पर भेजने का कठिन फैसला लिया है। प्रवक्ता ने कहा, “यह कदम मौजूदा कम ट्रेवल सीजन और बेड़े के आकार में कमी के जवाब में उठाया गया है, जिसमें संगठन की दीर्घकालिक स्थिरता को ध्यान में रखा गया है। हम अपने चालक दल के सदस्यों के योगदान को बहुत महत्व देते हैं। इस छुट्टी अवधि के दौरान, वे सभी स्वास्थ्य लाभ और अर्जित अवकाश के साथ स्पाइसजेट कर्मचारियों के रूप में अपनी स्थिति बनाए रखेंगे।

