नई दिल्ली: अगर आपका पैन कार्ड खो गया है या ख़राब हो गया है तो अब आप घर बैठे दूसरा पैन कार्ड बनवा सकते हैं. अगर आप दूसरा पैन कार्ड मंगाना चाहते हैं, तो आप इसे आसानी से ऑनलाइन रीप्रिंट करा सकते हैं. बता दें कि आयकर विभाग UTITSL और NSDL-TIN के जरिए पैन कार्ड जारी करता है. आपका पैन कार्ड जिस भी एजेंसी की ओर से जारी होता है आप उसके जरिए अपना पैन का रिप्रिंट करा सकते हैं.
इसके लिए आपको सबसे पहले UTITSL या NSDL-TIN के ऑनलाइन पोर्टल पर जाना होगा. यहां पर आपको रिप्रिंट (“Reprint PAN Card”) का ऑप्शन मिलेगा. इस ऑप्शन पर क्लिक करना होगा. इसके बाद में आपको अपनी सभी जानकारी भरनी होगी. इसको भरने के बाद आपको सब्मिट ऑप्शन पर क्लिक करना होगा.
जानकारी भरने के दौरान आपसे पैन कारड नंबर और जन्मतिथि पूछी जाएगी. पूरी जानकारी भरने के बाद आपको अपने घर का पता और मोबाइल नंबर भरना होगा. विभाग की ओर से जांच करने के बाद आपके रजिस्टर्ड पते पर पैन कार्ड भेज दिया जाएगा.
पैन कार्ड की कॉपी मंगाने पर इसकी डिलिवरी शुल्क दोनों एजेंसियों में एक बराबर है. देश में किसी पते पर अपने पैन कार्ड की कॉपी मंगवाने के लिए आपको मात्र 50 रुपए खर्च करने होंगे. देश से बाहर किसी पते पर पैन कार्ड की कॉपी मंगाने के लिए 959 रुपए शुल्क के रूप में देना होगा.
बता दें कि पैन कार्ड की दूसरी प्रति लेने के लिए आपसे आधार नंबर भी मांगा जा सकता है. इसके अलावा पैन कार्ड नंबर और जन्मतिथि भी आपको देनी होगी.

