क्रिप्टोकरेंसी में निवेश करने वाले भारतीय निवेशकों के लिए एक बुरी खबर ये है कि अगर वो बजट के दौरान या उसके बाद क्रिप्टोकरेंसी में निवेश को लेकर किसी तरह की राहत की उम्मीद कर रहे हैं तो उन्हें मायूसी के अलावा कुछ हाथ नहीं लगने वाला है क्योंकि केंद्रीय बैंक के गवर्नर शक्तिकांत दास ने क्रिप्टोकरेंसी पर अपना रुख एकबार फिर साफ कर दिया है. भारतीय रिजर्व बैंक के गवर्नर शक्तिकांत दास ने आज आज फिर कहा कि केंद्रीय बैंक क्रिप्टोकरेंसी नियमों पर दूसरों की राह नहीं अपनाएगा। उन्होंने स्पष्ट तौर पर कहा कि उभरते बाजार और दुनिया ‘क्रिप्टो क्रेज’ से निपटने में सक्षम नहीं होंगे। भारतीय रिजर्व बैंक के गवर्नर ने कहा कि जो दूसरे बाजारों के लिए अच्छा है वो जरूरी नहीं कि हमारे लिए भी अच्छा हो। इसलिए रिज़र्व बैंक और व्यक्तिगत रूप से मेरे विचार वही रहेंगे। शक्तिकांत दास की इस बात का मतलब है भारत में क्रिप्टोकरेंसी निवेशकों को आगे भी कोई राहत नहीं मिलने वाली है।
बता दें कि बिटकॉइन एक्सचेंज ट्रेडेड फंड (ETF) को अमेरिकी नियामकों ने अनुमति दे दी है। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए शक्तिकांत दास ने कहा कि क्रिप्टो करेंसी को लेकर बैंक और उनका अपना विरोध नहीं बदलेगा. एक सेमिनार को संबोधित करते हुए आरबीआई गवर्नर ने कहा कि उभरती बाजार अर्थव्यवस्थाओं और उन्नत अर्थव्यवस्थाओं के लिए क्रिप्टो करेंसी की राह पर चलने से कई जोखिम पैदा होंगे जिनसे निपटना बेहद मुश्किल होगा। क्रिप्टोकरेंसी को लेकर अमेरिका के कदम के बारे में पूछे जाने पर RBI गवर्नर ने कहा कि सवाल यह है कि आप वह रास्ता क्यों अपनाना चाहते हैं?
दास ने कहा कि मैं इस पर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहता कि किसी दूसरे देश के नियामक क्या कर रहे हैं. उनके देश के लिए सबसे अच्छा क्या है ये वो अच्छी तरह जानते हैं लेकिन मैंने उत्पाद में ही जोखिमों की पहचान कर ली है और लोगों को बहुत सावधान रहने की सलाह दी है। लेखानुदान को महंगाई बढ़ाने वाला मानते हुए उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार के पिछले रिकॉर्ड को देखते हुए उन्हें नहीं लगता कि अंतरिम बजट से महंगाई बढ़ेगी. सेमीनार में गवर्नर दास ने रूस-यूक्रेन युद्ध की शुरुआत के बाद से मूल्य वृद्धि को रोकने के लिए सरकार द्वारा उठाए गए कई आपूर्ति पक्ष उपायों का भी उल्लेख किया।

