कोविड19 के शुरू होने के बाद देश में डिजिटल पेमेंट के चलन में तेजी आई है. सरकार, RBI और बैंकों की ओर से लोगों को डिजिटल और कॉन्टैक्टलेस पेमेंट का ज्यादा से ज्यादा इस्तेमाल करने की सलाह कई बार दी जा चुकी है. कॉन्टैक्टलेस पेमेंट का एक जरिया कॉन्टैक्टलेस कार्ड पेमेंट भी है. कॉन्टैक्टलेस कार्ड पेमेंट को बढ़ावा देने के लिए RBI ने मॉनेटरी पॉलिसी कमेटी (MPC) की बैठक में कदम उठाने का फैसला किया है.
लोग कॉन्टैक्टलेस कार्ड पेमेंट की मदद से ज्यादा अमाउंट में और आसानी से ट्रांजेक्शन कर सकें, इसके लिए MPC की बैठक में कॉन्टैक्टलेस कार्ड ट्रांजेक्शन की लिमिट को बढ़ाकर 5000 रुपये प्रति ट्रांजेक्शन करने का फैसला किया गया है. अभी यह लिमिट 2000 रुपये है.
मॉनेटरी पॉलिसी कमेटी की दिसंबर बैठक के फैसलों के बारे में बताते हुए RBI के गवर्नर शक्तिकांत दास ने घोषणा की कि कॉन्टैक्टलेस कार्ड ट्रांजेक्शन की सीमा को बढ़ाए जाने का फैसला किया गया है. ग्राहक अब इस माध्यम से 2000 रुपये के बजाय 5000 रुपये तक का ट्रांजेक्शन एक बार में कर सकेंगे. यह बढ़ी हुई लिमिट 1 जनवरी 2021 से लागू होगी.

