भारतीय शेयर बाजार में मंगलवार को मुनाफावसूली का मूड दिखा, जिसकी वजह बाजार गिरावट के साथ बंद हुए, हालाँकि सुबह सेंसेक्स और निफ़्टी दोनों ने नए हाई बनाये थे। आज की गिरावट के साथ ही बाजार में पिछले 2 दिनों से जारी तेजी का सिलसिला थम गया। सेंसेक्स जहां 377 अंक टूटकर बंद हुआ। वहीं निफ्टी गिरकर 20,900 के पास आ गया। इस गिरावट के चलते शेयर बाजार के निवेशको की संपत्ति आज करीब 1.29 लाख करोड़ रुपये डूब गई। हैवीवेट शेयरों में मुनाफावसूली को भी आज के गिरावट की मुख्य वजह बताया जा रहा। बीएसई के मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स भी आज गिरावट में बंद हुए। ज़्यादातर सेक्टोरल इंडेक्स में भी मुनाफावसूली दिखी। सबसे अधिक गिरावट ऑयल एंड गैस, पावर, रियल्टी, एनर्जी और यूटिलिटी शेयरों में रही।
कारोबार के अंत में बीएसई सेंसेक्स377.50 अंक यानी 0.54% की गिरावट के साथ 69,551.03 अंक पर बंद हुआ। वहीं एनएसई का 50 शेयरों वाला इंडेक्स निफ्टी 90.70 अंक या 0.43% टूटकर 20,906.40 के स्तर पर बंद हुआ। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन मंगलवार को घटकर 349.80 लाख करोड़ रुपये पर आ गया, जो सोमवार 11 दिसंबर को 351.09 लाख करोड़ रुपये था।
जानकारों के मुताबिक पिछले कुछ दिनों से निफ्टी एक निगेटिव डाइवर्जेंस के साथ कारोबार कर रहा है और आज इसने अपने मजबूत सपोर्ट लेवल को भी तोड़ दिया जिससे रिकॉर्ड लेवल पर एक बियरिश पैटर्न बन गया है जो इस बात का संकेत है कि बाजार में शॉर्ट टर्म टॉप बन गया है। ऐसे में बाजार में एक हल्का करेक्शन नज़र आ रहा है।

