केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री पुरुषोत्तम रूपाला ने सोमवार को एक नई योजना आयुष्मान सहकार को लॉन्च किया. इस योजना के तहत राष्ट्रीय सहकारी विकास निगम (NCDC) ग्रामीण भारत में स्वास्थ्य सेवा (हेल्थकेयर) के इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास के लिए सहकारी समितियों को 10,000 करोड़ रुपये के ऋण उपलब्ध कराएगा. एनसीडीसी के प्रबंध निदेशक संदीप नायक ने कहा कि देश में करीब 52 अस्पताल सहकारी समितियों द्वारा संचालित हैं. इन अस्पतालों में बिस्तरों की संख्या 5,000 है.
उन्होंने कहा कि एनसीडीसी के कोष से सहकारिताओं द्वारा स्वास्थ्य सेवा के प्रावधान को प्रोत्साहन मिलेगा. सरकार की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि जिन भी सहकारी समितियों के उपनियमों में स्वास्थ्य सेवा से संबंधित गतिविधियों के लिए उचित प्रावधान है, वे एनसीडीसी से ऋण प्राप्त कर सकेंगी. एनसीडीसी की ओर से यह वित्तीय मदद या तो राज्य सरकारों के माध्यम से या पात्र सहकारी समितियों को सीधे प्राप्त होगी. अन्य स्रोतों से सब्सिडी या अनुदान परस्पर अनुबंध के हिसाब से होगा.
आयुष्मान सहकार स्कीम हॉस्पिटल, हेल्थकेयर व एजुकेशन इंफ्रास्ट्रक्चर की स्थापना, आधुनिकीकरण, विस्तार, मरम्मत, रिनोवेशन को कवर करेगी. यह सहकारी अस्पतालों की मेडिकल व आयुष शिक्षा शुरू करने में मदद भी करेगी. स्कीम परिचालन जरूरतों को पूरा करने के लिए वर्किंग कैपिटल और मार्जिन मनी भी उपलब्ध कराएगी. बयान में कहा गया कि स्कीम महिलाओं की अधिकता वाली सहकारी समितियों को 1 फीसदी का इंट्रेस्ट सबवेंशन उपलब्ध कराएगी.

