वाहन निर्माताओं का संगठन सोसाइटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स (SIAM) एक्मा और भारतीय उद्योग परिसंघ (CII) के साथ साझेदारी में भारत मंडपम में 17-22 जनवरी तक ‘भारत मोबिलिटी ग्लोबल एक्सपो-2025’ के तत्वावधान में वाहन प्रदर्शनी ‘द मोटर शो’ के 17वें संस्करण का आयोजन करेगा। ऑटो एक्सपो के आगामी संस्करण में 34 वाहन निर्माता भाग लेंगे।
सियाम के महानिदेशक राजेश मेनन के मुताबिक के मुताबिक करीब 34 वाहन निर्माता इस प्रदर्शनी में भाग लेंगे और विभिन्न पावरट्रेन से जुड़ी तकनीकों का प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने कहा कि यह इस आयोजन के इतिहास में अब तक की सबसे अधिक भागीदारी होगी। उन्होंने बताया कि इस आयोजन में भाग लेने वाली ऑटोमोबाइल कंपनियों में टाटा मोटर्स, मारुति सुजुकी, महिंद्रा एंड महिंद्रा, टोयोटा किर्लोस्कर मोटर, हुंडई मोटर इंडिया, किआ मोटर इंडिया, जेएसडब्ल्यू एमजी मोटर और स्कोडा ऑटो वोक्सवैगन इंडिया शामिल हैं। बीएमडब्ल्यू, मर्सिडीज, पोर्शे इंडिया और बीवाईडी जैसी लग्जरी कार निर्माता कंपनियां भी इस प्रदर्शनी में अपने उत्पाद प्रदर्शित करेंगी।
दोपहिया वाहन खंड में टीवीएस मोटर कंपनी, बजाज ऑटो, हीरो मोटोकॉर्प, होंडा मोटरसाइकिल एंड स्कूटर इंडिया (एचएमएसआई), सुजुकी मोटरसाइकिल और इंडिया यामाहा भाग लेंगी। इसी तरह, वोल्वो आयशर कमर्शियल व्हीकल्स, अशोक लीलैंड, जेबीएम और कमिंस इंडिया भी इस आयोजन में भाग लेंगी। मेनन ने बताया कि एथर एनर्जी, टीआई क्लीन मोबिलिटी, ईकेए मोबिलिटी, ओला इलेक्ट्रिक और विनफास्ट जैसी कुछ शुद्ध इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) कंपनियां भी इस बार वाहन प्रदर्शनी में भाग ले रही हैं। वाहन प्रदर्शनी का पिछला संस्करण 11-18 जनवरी, 2023 को इंडिया एक्सपो मार्ट, ग्रेटर नोएडा में आयोजित किया गया था।

