पिछले वित्त वर्ष में आकासा एयर की कुल आय बढ़कर 3,144.38 करोड़ रुपये हो गई हालाँकि घाटा बढ़कर 1,670.06 करोड़ रुपये हो गया। टॉफलर द्वारा प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, करीब दो साल से परिचालन कर रही एयरलाइन को वित्त वर्ष 2022-23 में 744.53 करोड़ रुपये का शुद्ध घाटा हुआ। पिछले वित्त वर्ष में कंपनी के बेड़े में 24 विमान थे। इस दौरान कंपनी ने प्रतिदिन 110 से अधिक उड़ानें संचालित कीं।
आकासा एयर की मूल कंपनी SNV Aviation Private Limited ने कॉरपोरेट मामलों के मंत्रालय को दिए नोटिस में कहा, “पिछले वित्त वर्ष में कंपनी की एकल आधार पर कुल आय 3,144.38 करोड़ रुपये रही, जबकि वित्त वर्ष 2022-23 में यह 777.84 करोड़ रुपये थी।” वित्त वर्ष 2023-24 में कंपनी का कुल व्यय बढ़कर 4,814.44 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले वित्त वर्ष में 1,522.27 करोड़ रुपये था।
इस वित्त वर्ष में अकासा एयर की क्षमता में 3 गुना वृद्धि हुई है। इससे प्रति उपलब्ध सीट किलोमीटर पर राजस्व में 10 फीसदी की वृद्धि हुई है। एयरलाइन के सीईओ अंकुर गोयल ने कहा कि किसी भी एयरलाइन को स्थिर होने में कुछ साल लगते हैं, उसके बाद ही वह घाटे से उबर सकती है। उन्होंने कहा कि आंतरिक क्षमताओं, ब्रांड उपस्थिति और एयरपोर्ट विजिबिलिटी में वृद्धि के साथ आरएएसके सालाना बढ़ता रहेगा।

