अदानी समूह ने चेयरमैन गौतम अडानी और समूह के अधिकारियों के खिलाफ अमेरिकी न्याय विभाग और अमेरिकी एसईसी द्वारा लगाए गए रिश्वतखोरी के आरोपों से इनकार किया है और सभी आरोपों को ‘निराधार’ बताया है। समूह ने 21 नवंबर को एक प्रवक्ता के हवाले से एक बयान जारी किया, जिसमें कहा गया कि वह सभी संभव कानूनी उपाय अपनाएगा।
बयान में न्याय विभाग की प्रेस विज्ञप्ति का हवाला देते हुए अडानी ग्रुप द्वारा कहा गयाकि जैसा कि अमेरिकी न्याय विभाग ने खुद कहा है, ‘अभियोग में लगाए गए आरोप आरोप हैं और जब तक दोषी साबित नहीं हो जाते, तब तक प्रतिवादियों को निर्दोष माना जाता है।’
बयान में चिंताओं को दूर करने और हितधारकों को आश्वस्त करने का प्रयास किया गया कि समूह एक कानून का पालन करने वाला संगठन है। अदानी समूह के प्रवक्ता ने बयान में कहा, “अदानी ग्रुप ने सदैव अपने संचालन के सभी अधिकार क्षेत्रों में गवर्नेंस, ट्रांसपेरेंसी और विनियामक अनुपालन के श्रेष्ठ मानकों को बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।” अमेरिकी प्रॉसिक्यूटर्स ने गौतम अदानी पर एक सोलर पावर योजना में शामिल होने के लिए आपराधिक अभियोग लगाया है, जिसमें सौर ऊर्जा अनुबंधों के लिए भारतीय सरकारी अधिकारियों को 250 मिलियन डॉलर या 2,100 करोड़ रुपये से अधिक की रिश्वत देने का वादा किया गया था, जिससे 21 नवंबर को शुरुआती कारोबार में समूह के शेयरों में भारी गिरावट आई।

