नई दिल्ली: एक तरफ भारत और चीन के बीच तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है, दूसरी तरफ मोदी सरकार की ओर से चीनी ऐप्स को बैन करने का सिलसिला जारी है। बहुत से ऐप बैन किए जा चुके हैं और बहुत सारे बैन होने की कतार में हैं। चीन के साथ तनाव बढ़ने पर पीएम मोदी ने आत्मनिर्भर भारत का नारा दिया है, जिसके चलते बैन हो रहे ऐप जैसा भारतीय वर्जन बाजार में आने शुरू हो गए हैं। टिकटॉक जैसे लोकप्रिय ऐप के कई भारतीय वर्जन बाजार में पहले ही आ चुके थे अब ट्विटर का भी भारतीय वर्जन यानी ट्विटर जैसी सुविधाओं वाला भारत का कू ऐप लॉन्च हो गया है।
भारत में अब लैंग्वेज बेस्ड माइक्रोब्लॉगिंग प्लेटफॉर्म का चलन धीरे-धीरे बढ़ रहा है। इसी बीच Koo App लॉन्च हुआ है जो भारतीय लोगों को अपने खुद की भाषा में अपने आइडिया शेयर करने का प्लेटफॉर्म देगा। एक रिपोर्ट के मुताबिक भारत में अभी भी ज्यादातर लोग अंग्रेजी के बजाए अपनी भाषा में बात करना पसंद करते हैं। ऐसे में Koo App जैसा प्लेटफॉर्म काफी महत्वपूर्ण हो सकता है, जहां लोग अपनी भाषा में दूसरों से चैट कर पाएंगे।

