नई दिल्ली: देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) का जून तिमाही में मुनाफा 81 फीसदी से ज्यादा बढ़ गया है. वित्त वर्ष 2021 की जून तिमाही में बैंक को 4,189.34 करोड़ रुपए का मुनाफा हुआ है. जबकि एक साल पहले की समान तिमाही में बैंक का नेट प्रॉफिट 2312 करोड़ रुपये रहा था. तिमाही आधार पर भी SBI का नेट प्रॉफिट 17 फीसदी बढ़ा है. मार्च 2020 तिमाही में बैंक को 3580 करोड़ रुपए का मुनाफा हुआ था. हालांकि जून तिमाही के दौरान बैंक की एसेट क्वालिटी में सुधार हुआ है. तिमाही आणार पर प्रोविजनिंग कम हुई, लेकिन सालाना आधार पर बढ़त है.
बैंक के इस शानदार परफॉर्मेंस की वजह एकमुश्त लाभ शामिल है. बैंक ने जून तिमाही के दौरान SBI लाइफ में अपनी हिस्सेदारी बेचकर 1539.73 करोड़ रुपए जुटाए थे. लाइफ इंश्योरेंस फर्म्स में एसबीआई की हिस्सेदारी करीब 2 फीसदी घट गई है. पहले यह 57.60 फीसदी थी जो घटकर 55.50 फीसदी पर पहुंच गई है.
अप्रैल-जून तिमाही के लिए बैंक ने 12501 करोड़ रुपये की प्रोविजनिंग की है. मार्च तिमाही में यह 13495 करोड़ था. जबकि एक साल पहले की जून तिमाही में प्रोविजनिंग 9182 करोड़ रुपये की थी. यानी तिमाही आधार पर प्रोविजनिंग घटी है, लेकिन सालाना आधार पर इसमें 36 फीसदी की तेजी आई है.

