मुंबई: वैश्विक स्तर पर कमजोर रुख के बीच वित्तीय कंपनियों के शेयरों में बिकवाली से बीएसई सेंसेक्स बृहस्पतिवार को 335 अंक लुढ़क गया। तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेसेंक्स 335.06 अंक यानी 0.88 प्रतिशत की गिरावट के साथ 37,736.07 अंक पर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 100.70 अंक यानी 0.90 प्रतिशत की गिरावट के साथ 11,102.15 अंक पर बंद हुआ।
सेंसेक्स के शेयरों में सर्वाधिक नुकसान इंडसइंड बैंक को हुआ। इसमें 5 प्रतिशत से अधिक की गिरावट आयी। इसके अलावा एचडीएफसी, एक्सिस बैंक, पावरग्रिड, एसबीआई, बजाज फिनसर्व और भारती एयरटेल में भी गिरावट दर्ज की गयी। दूसरी तरफ सन फार्मा, मारुति, इन्फोसिस और रिलायंस इंडस्ट्रीज में तेजी रही। आनंद राठी के इक्विटी शोध प्रमुख नरेंद्र सोलंकी ने कहा कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों को यथावत रखे जाने के साथ वैश्विक स्तर पर मिले-जुले रुख के बीच भारतीय बाजार बढ़त के साथ खुले।
उन्होंने कहा कि हालांकि, वित्तीय कंपनियों की संपत्ति गुणवत्ता को लेकर संदेह बढ़ने से दोपहर के कारोबार में बाजार धारणा कमजोर हुई। बैंकों और वित्तीय कंपनियों में बिकवाली देखी गयी। कारोबारियों के अनुसार जुलाई महीने के वायदा एवं विकल्प खंड में अंतिम दिन सौदों को पूरा करने के लिये की गयी खरीद-बिक्री से भी बाजार में उतार-चढ़ाव आया।

