नयी दिल्ली: एचडीएफसी बैंक का चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही (अप्रैल-जून) का एकल शुद्ध लाभ करीब 20 प्रतिशत बढ़कर 6,658.62 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। बैंक के ऋण में अच्छी वृद्धि से उसकी ब्याज आय अच्छी रही है, जिससे मुनाफा बढ़ा है।
देश के निजी क्षेत्र के सबसे बड़े बैंक ने इससे पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 5,568.16 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया था। शेयर बाजारों को भेजी सूचना में बैंक ने कहा कि तिमाही के दौरान उसकी आय बढ़कर 34,453.28 करोड़ रुपये पर पहुंच गई, जो इससे पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 32,361.84 करोड़ रुपये रही थी।
मुंबई के बैंक ने कहा, ‘‘तिमाही के दौरान उसकी शुद्ध ब्याज आय 17.8 प्रतिशत बढ़कर 15,665.4 करोड़ रुपये पर पहुंच गई, जो इससे पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 13,294.3 करोड़ रुपये थी। इस दौरान बैंक के ऋण या अग्रिम में 20.9 प्रतिशत और जमा में 24.6 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई।’’

