बीजिंग: चीन की अर्थव्यवस्था कोरोना वायरस महामारी से उबरने लगी है और आर्थिक मंदी का शिकार होने से भी बच गयी है। पहली तिमाही में चीन के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) में रिकॉर्ड 6.8 प्रतिशत की गिरावट आने के बाद दूसरी तिमाही में 3.2 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गयी है।
चीन के राष्ट्रीय सांख्यिकी ब्यूरो ने बृहस्पतिवार को कहा कि 2020 की दूसरी तिमाही में जीडीपी में सालाना आधार पर 3.2 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गयी है। ब्यूरो के आंकड़ों के अनुसार, इस साल की पहली छमाही में चीन की जीडीपी का आकार 45,660 हजार अरब युआन यानी 6,530 अरब डॉलर रहा है। यह साल भर पहले की तुलना में 1.6 प्रतिशत कम है। कोरोना वायरस महामारी की शुरुआत दिसंबर में चीन से हुई थी। वहां सबसे पहले अर्थव्यवस्था को बंद किया गया और इसे खोलने की शुरुआत भी मार्च में सबसे पहले वहीं हुई।
ताजा आंकड़ों के मुताबिक विनिर्माण और कुछ दूसरे उद्योगों में कामकाज लगभग सामान्य स्थिति में वापस आ गया है, लेकिन बेरोजगारी की आशंका के चलते उपभोक्ता खर्च कमजोर है। आंकड़ों के अनुसार, प्राथमिक उद्योगों का उत्पादन साल भर पहले की तुलना में 0.9 प्रतिशत बढ़ा है। हालांकि सेवा क्षेत्र और उद्योगों में इस दौरान क्रमश: 1.6 प्रतिशत तथा 1.9 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गयी है।

