नई दिल्ली: वित्तीय संकट से जूझ निजी क्षेत्र के यस बैंक (Yes Bank) ने 15 हजार करोड़ रुपये की पूंजी फॉलो-ऑन पब्लिक ऑफर (एफपीओ) के जरिए जुटाने की घोषणा की है। यह इश्यू 15 जुलाई को खुलेगा और 17 जुलाई को बंद होगा। इसके लिए आधार दर 12 रुपये प्रति शेयर तय की गई है। एफपीओ के लिए अधिकतम दर 13 रुपये प्रति शेयर होगी। इस तरह 2 रुपये के शेयर के लिए फ्लोर प्राइस 6 गुना और कैप प्राइस 6.5 गुना रखी गई है। बोली लगाने वाले न्यूनतम एक हजार शेयरों की बोली लगा सकेंगे। इसके बाद यह हजार के मल्टीपल में बढ़ सकता है। बैंक ने पात्र कर्मचारियों के लिए एक रुपये प्रति शेयर की विशेष छूट की भी घोषणा की।
बैंक के चीफ एक्जीक्यूटिव और मैनेजिंग डायरेक्टर प्रशांत कुमार ने आज कहा कि एफपीओ से आने वाली 15 हजार करोड़ की पूंजी बैंक के दो साल की ग्रोथ जरूरतों को पूरा करने के लिए पर्याप्त होगी। उन्होंने कहा कि लागत कम करने के लिए कर्मचारियों की संख्या को सीमित किया जा रहा है। एसबीआई ने मार्च में यस बैंक को संकट से उबारा था। बैंक शुक्रवार को अपने शेयर के बंद भाव से करीब आधी कीमत पर शेयर बेच रहा है। बैंक में एसबीआई की 49 फीसदी हिस्सेदारी है और उसके सेंट्रल बोर्ड ने यस बैंक के एफपीओ में अधिकतम 1,760 करोड़ रुपये तक निवेश को मंजूरी दे दी है।

