नई दिल्ली: रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी अब दुनिया के सातवें सबसे अमीर शख्स बन गए हैं। उन्होंने बर्कशायर हैथवे के वॉरेन बफेट, गूगल के लैरी पेज और Serge Brin को पीछे छोड़ दिया है। विश्व के टॉप-10 अमीरों की लिस्ट में पूरे एशिया से एकमात्र मुकेश अंबानी शामिल हैं। फोर्ब्स के मुताबिक, उनकी कुल संपत्ति 70 अरब डॉलर पर पहुंच गई है।
इससे पहले 20 जून के मुकेश अंबानी फोर्ब्स की लिस्ट में नौवें पायदान पर थे। उस समय उनकी कुल संपत्ति 64.5 अरब डॉलर थी। उस हिसाब से पिछले 20 दिनों में उनकी संपत्ति में 5.4 अरब डॉलर का इजाफा हुआ है। रिलायंस इंडस्ट्रीज का मार्केट कैप हाल ही में 12 लाख करोड़ करोड़ को पार किया था। यह भारत की पहली कंपनी है जिसका मार्केट कैप 12 लाख करोड़ पर पहुंचा है।
फोर्ब्स रियल टाइम बिलिनेयर रैंकिंग्स में संपत्ति का आकलन शेयर की कीमत के आधार पर तय किया जाता है। यह हर पांच मिनट में अपडेट होता है। रिलायंस इंडस्ट्रीज में अंबानी का शेयर 42 फीसदी है। आज इसके शेयर में करीब 3 फीसदी की तेजी आई। इसका शेयर 52 सप्ताह के उच्चतम स्तर पर ट्रेड कर रहा है। आज इसका शेयर 1878.50 रुपये पर बंद हुआ, जबकि 52 सप्ताह का उच्चतम स्तर 1884.40 रुपये है।

