नयी दिल्ली: सरकार ने शनिवार को देश में तरह तरह के विश्वस्तरीय ऐप विकसित करने के लिए उद्यमियों को प्रोत्साहित करने का एक कार्यक्रम शुरू किया है। इसके तहत एक मजबूत पारिस्थतिकी तंत्र बनाने तथा भारतीय प्रौद्योगिकी क्षेत्र के उद्यमियों और स्टार्टअप्स को ऐप विकसित करने और उसके प्रचार प्रसार को प्रोत्साहित किया जाएगा।
इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (मेइटी) ने घोषणा की है कि वह नीति आयोग के साथ भागीदारी में दो चरणों में यह कार्यक्रम चलाएगा। मंत्रालय ने बयान में कहा, ‘‘भारतीय ऐप को समर्थन और उसके लिए एक मजबूत पारिस्थतिकी तंत्र बनाने के लिए मेइटी ने अटल इनोवेशन मिशन-नीति आयोग के साथ भागीदारी में भारतीय प्रौद्योगिकी उद्यमियों तथा स्टार्टअप्स के लिए डिजिटल भारत आत्मनिर्भर भारत ऐप नवप्रवर्तन चैलेंज शुरू किया है। ’’
बयान में कहा गया है कि इससे प्रधानमंत्री के डिजिटल भारत और आत्मनिर्भर भारत के लिए डिजिटल प्रौद्योगिकी के इस्तेमाल के दृष्टिकोण को हासिल किया जा सकेगा। मंत्रालय ने कहा कि यह कार्यक्रम दो चरणों में होगा। इसके तहत मौजूदा ऐप को प्रोत्साहित किया जाएगा और नए ऐप विकसित किए जाएंगे। पहला चरण शनिवार से शुरू हुआ है। इसके तहत पहले से इस्तेमाल हो रही ऐसी सर्वश्रेष्ठ भारतीय ऐप की पहचान की जाएगी, जिसमें अपने संबंधित क्षेत्र में विश्वस्तरीय ऐप बनने की क्षमता है।

