नई दिल्ली: भारत संचार निगम लिमिटेड (BSNL) ने 4जी अपग्रेडेशन के लिए जारी किए गए टेंडर को कैंसल कर दिया है। उसने ऐसा दूरसंचार विभाग के चीनी दूरसंचार उपकरणों का उपयोग करने से मना करने के बाद किया है। इस घटनाक्रम से जुड़े एक करीबी सूत्र ने कहा कि इस संबंध में एक नया टेंडर जारी किया जाएगा जिसमें ‘मेक इन इंडिया’ उत्पादों को तरजीह देने पर जोर रहेगा।
सरकार ने सार्वजनिक क्षेत्र की BSNL से 4जी अपग्रेडेशन के लिए चीनी उपकरणों का इस्तेमाल नहीं करने के लिए कहा था। इस निर्देश के पालन करने का सीधा मतलब है कि कंपनी को नया टेंडर जारी करना पड़ेगा।
इधर रेलवे ने भी थर्मल कैमरा खरीदने के लिये टेंडर को रद्द कर दिया है। विभिन्न विक्रेताओं से मिली प्रतिक्रिया के बाद यह कदम उठाया गया है। उनका कहना था कि उपकरण की खरीद को लेकर जो चीजें मांगी गई हैं, उससे चीनी कंपनियों को लाभ होगा। रेलवे का उपक्रम रेल टेल ने पिछले महीने 800 आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित निगरानी कैमरे के लिये टेंडर जारी किया था।

