मुंबई: इंजीनियरिंग निर्यात संवर्धन परिषद (ईईपीसी) ने सोमवार को कहा कि पिछले महीने वाहन निर्यात पिछले साल के इसी माह के मुकाबले 73 प्रतिशत घटकर 23.03 करोड़ डॉलर (1,736 करोड़ रुपये) रहा।
‘लॉकडाउन’ के कारण आपूर्ति व्यवस्था संबंधी मसले के कारण अमेरिका और मेक्सिको जैसे बाजारों में निर्यात में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गयी। ईईपीसी ने एक विज्ञप्ति में कहा कि वाहनों के कल-पुर्जों का निर्यात भी माह के दौरान काफी नीचे रहा। अमेरिका, मेक्सिको, जर्मनी और जापान जैसे महत्वपूर्ण बाजारों में 34 से 68 प्रतिशत की गिरावट आयी।
बयान में कहा गया है, ‘‘कोविड-19 स्वास्थ्य संकट का देश के वाहन निर्यात पर मई 2020 में काफी प्रतिकूल प्रभाव पड़ा। सालाना आधार पर यह 98 प्रतिशत नीचे रहा जबकि अमेरिका और मेक्सिको जैसे प्रमुख बाजारों में निर्यात में 65 प्रतिशत की गिरावट आयी। परिषद के अनुसार पिछले महीने अमेरिका को निर्यात 13.7 लाख डॉलर का रहा जबकि पिछले साल इसी महीने में यह 7.982 करोड़ डॉलर का था।

