मुंबई: शेयर बाजारों में तेजी का सिलसिला शुक्रवार को भी जारी रहा। रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर में उछाल तथा वैश्विक बाजारों के सकारात्मक रुख के बीच विदेशी कोषों का प्रवाह बढ़ने से सेंसेक्स 524 अंक चढ़ गया। बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स दिन में कारोबार के दौरान एक समय 640.32 अंक तक चढ़ गया।
अंत में यह 523.68 अंक या 1.53 प्रतिशत की बढ़त के साथ 34,731.73 अंक पर बंद हुआ। इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 152.75 अंक या 1.51 प्रतिशत की बढ़त से 10,200 अंक के पार 10,244.40 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स की कंपनियों में बजाज फाइनेंस का शेयर सात प्रतिशत चढ़ गया। रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर में छह प्रतिशत का लाभ रहा।
मुकेश अंबानी ने कहा है कि उनकी प्रमुख कंपनी अब पूरी तरह से ऋणमुक्त हो चुकी है। पिछले दो माह के दौरान कंपनी ने 1.69 लाख करोड़ रुपये जुटाए हैं। इससे दिन में रिलायंस इंडस्ट्रीज का शेयर 1,788.60 रुपये के रिकॉर्ड उच्चस्तर पर पहुंच गया। अंत में कंपनी का शेयर 1,759.50 रुपये पर बंद हुआ। वहीं दूसरी ओर इंडसइंड बैंक, एचसीएल टेक, आईटीसी, महिंद्रा एंड महिंद्रा तथा एचडीएफसी के शेयरों में गिरावट रही।

