मुंबई: बैंकिंग शेयरों में लाभ से मंगलवार को बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स 522 अंक और मजबूत हुआ। कोरोना वायरस की वजह से लागू लॉकडाउन के बीच अब सरकार ने अर्थव्यवस्था को धीरे-धीरे खोलना शुरू कर दिया है। इससे निवेशकों का भरोसा बढ़ा है। बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स दिन में एक समय 33,866.63 अंक के उच्चस्तर तक भी गया।
अंत में सेंसेक्स 522.01 अंक या 1.57 प़्रतिशत की बढ़त के साथ 33,825.53 अंक पर बंद हुआ। इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 152.95 अंक या 1.56 प्रतिशत की बढ़त के साथ 9,979.10 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स की कंपनियों में बजाज फाइनेंस का शेयर सबसे अधिक आठ प्रतिशत चढ़ गया। कोटक बैंक, इंडसइंड बैंक, एचडीएफसी, पावरग्रिड, एक्सिस बैंक, आईसीआईसीआई बैंक और एलएंडटी के शेयर भी लाभ में रहे। वहीं दूसरी ओर मारुति, आईटीसी, एनटीपीसी और नेस्ले इंडिया के शेयरों में गिरावट आई। विश्लेषकों ने कहा कि लॉकडाउन में ढील के बाद निवेशकों का भरोसा बढ़ा है। वैश्विक बाजारों में बढ़त से भी यहां धारणा मजबूत हुई।

