मुंबई: देश के शेयर बाजारों में जून माह की शुरुआत तेजी के साथ हुई। वित्त, ऊर्जा और रोजमर्रा के इस्तेमाल का सामान बनाने वाली कंपनियों के शेयरों में जमकर खरीदारी हुई। सरकार की ओर से अर्थव्यवस्था में तमाम गतिविधियां शुरू करने की छूट देने के कदम उठाने के साथ ही निवेशकों ने बाजार में जोरदार खरीदारी की जिससे बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स सोमवार को 879 अंक उछलकर 33,303 अंक पर पहुंच गया।
वैश्विक बाजारों में मजबूती से भी स्थानीय बाजार को बल मिला। यह लगातार चौथा कारोबारी दिन रहा जब बाजार में तेजी रही। दिन में बीएसई-30 सेंसेक्स एक समय 1,250 अंक तक के उछाल पर था।कारोबार की समाप्ति पर यह पिछले बंद के मुकाबले 879.42 अंक यानी 2.57 प्रतिशत बढ़कर 33,303.52 अंक पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का 50 शेयर मूल्यों पर आधारित एनएसई निफ्टी 245.85 अंक यानी 2.57 प्रतिशत बढ़कर 9,826.15 अंक पर बंद हुआ।
बजाज फाइनेंस का शेयर करीब 11 प्रतिशत लाभ में रहा। टाइटन, टाटा स्टील, स्टेट बैंक, महिन्द्रा एण्ड महिन्द्रा, एचडीएफसी, इंडसइंड बैंक और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में भी बढ़त रही। इसके विपरीत सन फार्मा, नेस्ले इंडिया और अल्ट्रा टेक सीमेंट के शेयरों में गिरावट का रूख रहा। सभी क्षेत्रों के समूह सूचकांक सकारात्मक रुख के साथ बंद हुये। बीएसई का टिकाऊ उपभोक्ता सामान वाला सूचकांक 6.56 प्रतिशत चढ़ गया। धातु, वित्त, बैंकेक्स, ऊर्जा, वाहन और रीयल्टी क्षेत्र सभी के सूचकांक चढ़कर बंद हुये। आशिका स्टॉक ब्रोकिंग के इक्विटी शोध के अध्यक्ष पारास बोथरा ने कहा कि घरेलू शेयर बाजारों में कारोबार की शुरुआत तेजी के साथ हुई और पूरे दिन यह मजबूती कायम रही। निवेशकों ने चौथी तिमाही के जीडीपी आंकड़ों के कमजोर रहने को नजरअंदाज किया।

