नई दिल्ली: कोरोना वायरस महामारी के कारण हुए देशव्यापी लॉकडाउन से पटरी से पूरी तरह उतर चुकी अर्थव्यवस्था का असर नौकरियों पर दिखना शुरू हो गया है। ऑनलाइन फूड डिलीवरी कंपनी स्विगी ने अगले कुछ दिनों में देशभर में अपने 1,100 कर्मचारियों की छंटनी का ऐलान किया है। इससे पहले इसकी प्रतिद्वंद्वी कंपनी जोमैटो अपने 13% कर्मचारियों की छंटनी की घोषणा कर चुकी है।
स्विगी के को-फाउंडर श्रीहर्ष माजेती ने सोमवार को एक पत्र में कहा, ‘फूड डिलीवरी बिजनस पर गहरा असर पड़ा है और कुछ वक्त तक यह बरकरार रहेगा, हालांकि आने वाले समय में इसके पटरी पर आने की पूरी उम्मीद है। हमें अपनी कंपनी में कर्मचारियों की संख्या कम करने और आने वाले वक्त में किसी तरह की अनिश्चितता से निपटने के लिए लागत कम करने की जरूरत है।’
माजेती ने कहा कि सबसे ज्यादा असर कंपनी के क्लाउड किचन बिजनस पर पड़ेगा। उन्होंने कहा, ‘हम उन बिजनस को बंद करने जा रहे हैं, जो या तो पूरी तरह अस्थिर होने जा रहे हैं या फिर अगले 18 महीनों तक उनकी कोई प्रासंगिकता नहीं रहेगी।’

