दुनिया की दिग्गज ई-कॉमर्स कंपनी ऐमजॉन के फाउंडर जेफ बेजोस की पूर्व पत्नी मैकेंजी बेजोस भी फोर्ब्स की अरबपतियों की सूची में शामिल हो गई हैं। चौंकाने वाली बात यह है कि मैकेंजी जिस पैसे से अमीर हुई हैं, वह उन्हें अपने पति बेजोस से तलाक के ऐवज में मिला है। पत्रिका के मुताबिक, मैकेंजी की कुल संपत्ति 2.70 लाख करोड़ रुपये की है और वह दुनिया की 22वीं सबसे रईस शख्स हैं। वैसे फोर्ब्स की दौलतमंदों की सूची के अनुसार बेजोस 8.47 लाख करोड़ रुपये की कुल संपत्ति के साथ लगातार तीसरी बार दुनिया के सबसे अमीर शख्स बने हुए हैं। आइए, मैकेंजी बेजोस की निजी जिंदगी से जुड़ी कुछ रोचक बातें जानते हैं।
मैकेंजी जेफ बेजोस की ही कंपनी में काम करती थीं। वहीं से दोनों के प्यार का सिलसिला परवान चढ़ा और दोनों ने बाद में शादी कर ली। दोनों की शादी लगभग 25 सालों तक चली, लेकिन जेफ के विवाहेतर संबंधों से दोनों के बीच कड़वाहट आ गई है, जो अंततः तलाक पर आकर खत्म हुआ। दोनों के चार बच्चे हैं, जिनमें तीन बेटे और एक बेटी है। बेटी चीनी मूल की है, जिसे उन्होंने गोद लिया है।
खबरें आई थीं कि बेजोस की गर्लफ्रेंड लॉरेन सांचेज के साथ अंतरंग तस्वीरों और मेसेज को लॉरेन के ही भाई माइकल सांचेज किया था और इसके एवज में माइकल को नैशनल इनक्वायरर की तरफ से 2 लाख डॉलर दिए गए थे।

