नई दिल्ली: कोरोना वायरस महामारी को रोकने लिए केंद्र सरकार द्वारा किए गए देशव्यापी लॉकडाउन से आर्थिक तंगी से जूझ रहे देशवासियों और कारोबारियों को राहत देने के लिए बुधवार को सरकार ने बड़ा फैसला किया है। सरकार ने सभी कारोबारी संस्थाओं और व्यक्तियों को 5 लाख रुपये तक के सभी आयकर रिफंड तुरंत जारी करने का फैसला किया है।
इसके साथ ही जीएसटी और कस्टम विभाग में लंबित सभी रिफंड भी जारी किए जाएंगे। वित्त मंत्रालय के प्रवक्ता ने बताया कि पांच लाख रुपये तक के लंबित रिफंड जारी करने के फैसले से 14 लाख करदाताओं को तत्काल फायदा होगा।
प्रवक्ता ने बताया कि इसी के साथ सभी लंबित जीएसटी और कस्टम रिफंड भी जारी करने का भी निर्णय लिया गया है। इससे लघु उद्यमियों समेत करीब एक लाख कारोबारी संस्थाओं को लाभ होगा।

