नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोरोना वायरस के प्रकोप से देश के समक्ष पैदा हुई आर्थिक चुनौतियों से निपटने के लिए गुरुवार को कोविड-19 आर्थिक प्रतिक्रिया कार्य बल के गठन की घोषणा की।
कोरोना वायरस से लड़ने के लिए सरकार द्वारा उठाए गए कदमों के बारे में जानकारी देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राष्ट्र को संबोधित करते हुए कहा कि यह कार्य बल लगातार सभी हितधारकों के संपर्क में रहेगा, उनसे प्रतिक्रिया लेगा और उसके मुताबिक फैसले करेगा।
कार्यबल यह भी सुनिश्चित करेगा कि आर्थिक संकट पर लिए गए फैसलों का प्रभावी ढंग से क्रियान्वयन हो। कोविड-19 आर्थिक प्रतिक्रिया बल की अध्यक्षता केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण करेंगी।
मोदी ने कहा, ‘यह वायरस हमारी अर्थव्यवस्था को भी प्रभावित कर रहा है। सरकार ने वित्त मंत्री की अध्यक्षता में कोविड-19 आर्थिक प्रतिक्रिया बल के गठन करने का फैसला किया है।’ उन्होंने कहा, ‘कार्य बल सभी हितधारकों की बातें सुनेगा और अर्थव्यवस्था पर कोरोना वायरस से पड़ने वाले असर को कम करने के लिए काम करेगा।’

