जेएसडब्ल्यू समूह के चेयरमैन सज्जन जिंदल ने मंगलवार को कहा कि कंपनी असम में सीमेंट निर्माण, नवीकरणीय और ताप विद्युत क्षेत्र में निवेश करेगी। एडवांटेज असम 2.0 निवेश और अवसंरचना शिखर सम्मेलन में बोलते हुए जिंदल ने कहा कि असम तेजी से विकास कर रहा है और जेएसडब्ल्यू समूह विकास यात्रा का हिस्सा बनने के लिए प्रतिबद्ध है। तिनसुकिया में अपने नाना-नानी के पास बचपन की यात्राओं को याद करते हुए जिंदल ने असम के साथ अपने निजी जुड़ाव को साझा किया।
उन्होंने कहा, “जब मैं बचपन में यहां आता था, तो मेरे दादाजी मुझे स्थानीय किंवदंतियों के बारे में बहादुरी की कहानियां सुनाते थे। अब, जब मैं यहां वापस आता हूं, तो मुझे यहां हो रहे विकास को देखकर खुशी होती है।” उन्होंने देश के आर्थिक विकास में पूर्वोत्तर के रणनीतिक महत्व पर जोर देते हुए कहा, “चूंकि भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है, इसलिए पूर्वोत्तर क्षेत्र की इसमें अहम भूमिका है। प्रधानमंत्री का इस क्षेत्र से खास जुड़ाव है और उन्होंने इस बात पर जोर दिया है कि जब पूर्वोत्तर बढ़ेगा तो देश भी बढ़ेगा।” जिंदल ने कहा कि पूर्वोत्तर अब देश के बाकी हिस्सों की तरह ही विकास कर रहा है, जिसे डबल इंजन वाली सरकार चला रही है।
उन्होंने इस विकास के संकेतकों के रूप में राष्ट्रीय राजमार्गों, हवाई अड्डों और लॉजिस्टिक्स पार्कों के विस्तार की ओर इशारा किया। असम में निवेश करने में जेएसडब्ल्यू समूह की रुचि की पुष्टि करते हुए उन्होंने कहा, “हम राज्य में सीमेंट निर्माण क्षेत्र में निवेश के अवसरों पर विचार कर रहे हैं।” जिंदल ने कहा, “विकास को गति देने में बिजली एक और महत्वपूर्ण क्षेत्र है। हम राज्य में नवीकरणीय और ताप विद्युत क्षेत्रों में निवेश पर विचार कर रहे हैं। हम यहां सबसे बड़े ताप विद्युत संयंत्र में निवेश करेंगे, जो तेज गति से विकास के लिए बिजली की जरूरतों को पूरा करने में मदद करेगा।”

