मारुति सुजुकी ग्रैंड विटारा का 7-सीटर वर्जन लाने जा रही है। हाल ही में हरियाणा के खरखौदा में मारुति के नए मैन्युफैक्चरिंग प्लांट के बाहर कथित 7-सीट ग्रैंड विटारा के कई टेस्ट म्यूल्स देखे गए थे। कुछ साल पहले पहली बार पता चला था कि मारुति सुजुकी सात-सीटर यूटिलिटी व्हीकल पर काम कर रही है, जिसका कोडनेम Y17 है। हाल ही में यह स्पष्ट हुआ कि इंडो-जापानी कार निर्माता ग्रैंड विटारा के 7-सीटर मॉडल पर काम कर रही है। आइए जानते हैं यह कार भारत में कब लॉन्च होगी और इसकी कीमत क्या हो सकती है।
जानकारी के अनुसार मारुति मौजूदा 5-सीटर ग्रैंड विटारा से आगामी 7-सीटर मिड-साइज एसयूवी के बीच स्पष्ट अंतर प्रदान करने के लिए अलग स्टाइल पेश करेगी। दिलचस्प बात यह है कि मारुति ने पिछले कुछ महीनों में दो नए ट्रेडमार्क दाखिल किए हैं, एस्कुडो और टॉरनेडो। हमें उम्मीद है कि मारुति सात सीटों वाली एसयूवी के लिए इनमें से एक नाम चुनेगी। यह उसी सुजुकी ग्लोबल सी प्लेटफॉर्म पर आधारित होगी जिस पर वर्तमान में ग्रैंड विटारा और ब्रेज़ा आधारित हैं।
7-सीटर ग्रैंड विटारा में वर्टिकल टचस्क्रीन और एडवांस्ड ड्राइवर-असिस्टेंस सिस्टम (ADAS) की सुविधा होने की उम्मीद है। मारुति की ग्रैंड विटारा का सीधा मुकाबला किआ कैरेंस, हुंडई अल्काजार, एमजी हेक्टर प्लस, टाटा सफारी और महिंद्रा XUV700 से होगा। अगर कीमत की बात करें तो इसकी शुरुआती कीमत 14 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) से शुरू होकर 22 लाख रुपये तक जा सकती है।

