भारतीय शेयर बाजार में गिरावट का सिलसिला गुरुवार को भी जारी रहा। हालाँकि बाजार में दिनभर तेज़ी रही लेकिन क्लोजिंग सपाट हुई। सेंसेक्स आज 32.11 अंक गिरकर 76,138.97 पर बंद हुआ वहीँ निफ्टी भी 13.85 अंक गिरकर 23,031.40 पर बंद हुआ। आज के कारोबार के दौरान निफ्टी ने 23,235.50 का इंट्राडे हाई दर्ज किया।
निफ्टी 50 शेयरों में सन फार्मा, बजाज फिनसर्व, टाटा स्टील, बजाज फाइनेंस और सिप्ला सबसे ज्यादा लाभ में रहे, जो 3.12 फीसदी तक की बढ़त के साथ बंद हुए। आज के कारोबार के अंत में निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 0.25 फीसदी ऊपर रहा, जबकि निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 0.37 फीसदी नीचे रहा। निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज, फार्मा, मेटल, हेल्थकेयर, प्राइवेट बैंक और रियल्टी इंडेक्स 1.47 फीसदी तक की बढ़त के साथ बंद हुए।
इसी तरह ऑटो, आईटी, एफएमसीजी, पीएसयू बैंक, ओएमसी और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स एनएसई पर क्षेत्रीय सूचकांकों में से थे, जो 1 फीसदी तक की गिरावट के साथ बंद हुए।
गुरुवार को वैश्विक शेयर बाजारों में तेजी रही। फ्रांस का CAC 40 शुरुआती कारोबार में 1.0% बढ़कर 8,122.96 पर पहुंच गया, जबकि जर्मनी का DAX 1.2% बढ़कर 22,418.16 पर पहुंच गया। ब्रिटेन का FTSE 100 0.8% गिरकर 22,418.16 पर आ गया। अमेरिकी शेयरों में मामूली बदलाव हुआ, जिसमें डॉव वायदा 0.1% से कम गिरकर 44,442.00 पर आ गया। S&P 500 वायदा भी मामूली रूप से बदला, जो 0.1% से कम गिरकर 6,070.25 पर आ गया। जापान का बेंचमार्क निक्केई 225 1.3% उछलकर 39,461.47 पर बंद हुआ। ऑस्ट्रेलिया का S&P/ASX200 लगभग 0.1% बढ़कर 8,540.00 पर पहुंच गया। दक्षिण कोरिया का कोस्पी 1.4% बढ़कर 2,583.17 पर पहुंच गया। हैंग सेंग ने अपनी शुरुआती बढ़त खो दी और 0.2% गिरकर 21,814.37 पर आ गया, जबकि शंघाई कम्पोजिट 0.4% गिरकर 3,332.48 पर आ गया।

