अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप स्टील और एल्युमीनियम के आयात पर 25 फीसदी टैरिफ लगाने का ऐलान करने जा रहे हैं हालांकि, उन्होंने इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी कि ये 25 फीसदी टैरिफ किस तारीख से लागू होंगे। बता दें कि रविवार को एयरफोर्स वन पर मीडिया से बात करते हुए डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि अमेरिका में आने वाले सभी देशों से धातुओं पर टैरिफ लगाया जाएगा। इसके साथ ही ट्रंप ने यह भी कहा कि इस सप्ताह के अंत में उन देशों के लिए टैरिफ की घोषणा की जाएगी जो अमेरिकी सामान के आयात पर टैक्स लगाते हैं।
बता दें कि डोनाल्ड ट्रंप जब पहली बार अमेरिका के राष्ट्रपति बने थे, तब उन्होंने स्टील पर 25 फीसदी और एल्युमीनियम पर 10 फीसदी टैरिफ लगाने का ऐलान किया था। हालांकि, उस समय उन्होंने अपने कई साझेदारों को राहत दी थी और उनमें कनाडा, मैक्सिको और ब्राजील भी शामिल थे। अमेरिका को स्टील निर्यात करने वाले देशों की सूची में कनाडा पहले स्थान पर है, उसके बाद ब्राजील और मैक्सिको तीसरे स्थान पर है। इसके साथ ही अमेरिका में आयात होने वाला एल्युमीनियम का ज्यादातर हिस्सा कनाडा से ही आता है।
2024 के पहले 11 महीनों में अमेरिका में आयात होने वाले कुल एल्युमीनियम का 79 फीसदी हिस्सा अकेले कनाडा ने सप्लाई किया। ऐसे में ट्रंप के इस फैसले का सबसे बड़ा और प्रभावी असर कनाडा पर पड़ने वाला है। ट्रंप ने कनाडा और मैक्सिको से आयात होने वाले सामान पर 25 फीसदी और चीन से आयात होने वाले सामान पर 10 फीसदी टैरिफ लगाने के आदेश पर दस्तखत किए हैं। ट्रंप के इस फैसले से दुनियाभर में ट्रेड वॉर शुरू होने की आशंका है। विशेषज्ञों का मानना है कि इस फैसले से हर साल करीब 2.1 ट्रिलियन डॉलर के व्यापार पर असर पड़ सकता है।

