देश की सबसे बड़ी ऑटोमोबाइल कंपनी मारुति सुजुकी 1 फरवरी से अपने मॉडल्स की कीमतों में 32,500 रुपये तक की बढ़ोतरी करने जा रही है। कंपनी ने गुरुवार को कहा कि इस कदम से कच्चे माल की लागत में बढ़ोतरी के असर को कुछ हद तक कम करने में मदद मिलेगी। मारुति सुजुकी इंडिया ने शेयर बाजार को दी सूचना में में बताया कि कच्चे माल की बढ़ती लागत और परिचालन खर्च के चलते कंपनी 1 फरवरी, 2025 से कार की कीमतें बढ़ाने की योजना बना रही है।
कंपनी ने कहा कहा कि हालांकि कंपनी लागत के अनुकूलन और ग्राहकों पर असर को कम करने के लिए प्रतिबद्ध है फिर भी हम बढ़े हुए खर्च का कुछ हिस्सा बाजार पर डालने को मजबूर हैं।’ कंपनी के इस फैसले से मारुति सुजुकी की कॉम्पैक्ट कार सेलेरियो की एक्स-शोरूम कीमत 32,500 रुपये तक बढ़ जाएगी कंपनी के सबसे लोकप्रिय मॉडल वैगन-आर की कीमत में 15,000 रुपये जबकि स्विफ्ट की कीमत में 5,000 रुपये की बढ़ोतरी होगी। इनके अलावा एसयूवी ब्रेजा की कीमत में 20,000 रुपये और ग्रैंड विटारा की कीमत में 25,000 रुपये की बढ़ोतरी होगी।
कंपनी ने बताया कि एंट्री लेवल की छोटी कार ऑल्टो के-10 की कीमत में 19,500 रुपये और एस-प्रेसो की कीमत में 5,000 रुपये की बढ़ोतरी होगी। प्रीमियम कॉम्पैक्ट मॉडल बलेनो की कीमत में 9,000 रुपये, कॉम्पैक्ट एसयूवी फ्रंटएक्स की कीमत में 5,500 रुपये और कॉम्पैक्ट सेडान डिजायर की कीमत में 10,000 रुपये की बढ़ोतरी होगी। कंपनी फिलहाल एंट्री लेवल की ऑल्टो के-10 (शुरुआती कीमत 3.99 लाख रुपये) से लेकर 28.92 लाख रुपये की कीमत वाली इनविक्टो तक विभिन्न श्रेणियों की कारें बेचती है।

