इन्फोसिस मैसूर कैंपस में एक तेंदुआ देखा गया, जिसके बाद कंपनी ने 31 दिसंबर को कर्मचारियों के लिए घर से काम करने की व्यवस्था लागू की। हालाँकि इस घटनाक्रम पर इन्फोसिस की तरफ से अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है
लेकिन वन विभाग के अधिकारियों ने सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से पुष्टि की कि 150 एकड़ के कैंपस में एक तेंदुआ देखा गया था। जानवर को ट्रैक करने और पकड़ने के लिए एक टास्क फोर्स को तैनात किया गया है। उप वन संरक्षक आईबी प्रभु गौड़ा ने बताया कि तेंदुए का पता लगाने के लिए तलाशी अभियान शुरू किया है।
यह पहली बार नहीं है जब सॉफ्टवेयर दिग्गज के परिसर में तेंदुआ देखा गया है। 2011 में एक और तेंदुआ परिसर में भटक गया था। दरअसल इंफोसिस परिसर, रिजर्व फॉरेस्ट के करीब है। इस क्षेत्र तेंदुए काफी संख्या में पाए जाते हैं जो कभी-कभार दिखाई देते रहते हैं। अधिकारियों को संदेह है कि तेंदुआ भोजन की तलाश में रिजर्व फॉरेस्ट में अपने आवास से भटक गया होगा।
इस घटना के बाद बेंगलुरू स्थित कंपनी के लगभग 4,000 प्रशिक्षु जो वर्तमान में मैसूरु में इंफोसिस ग्लोबल एजुकेशन सेंटर में तैनात हैं, उन्हें आज घर के अंदर रहने के लिए कहा गया है। इंफोसिस के प्रशिक्षुओं को भेजे गए एक आंतरिक संदेश में कहा गया है, “प्रशिक्षण कार्यक्रम को एक दिन आगे बढ़ा दिया जाएगा। कृपया अपने छात्रावास के कमरों में रहें और इस दिन का उपयोग स्व-अध्ययन के लिए करें।”

