रविवार को जेट ईंधन (ATF) की कीमतों में 1.45 प्रतिशत की वृद्धि की गई, जिससे दिल्ली में इसकी कीमत 1,318.12 रुपये प्रति किलोलीटर बढ़कर 91,856.84 रुपये हो गई। सरकारी तेल कंपनियों के अनुसार नवंबर में 3.3 प्रतिशत की वृद्धि के बाद यह लगातार दूसरी मासिक वृद्धि है। मुंबई में एटीएफ की कीमत बढ़कर 85,861.02 रुपये प्रति किलोलीटर हो गई।
वाणिज्यिक एलपीजी की कीमतों में भी 16.5 रुपये की वृद्धि हुई, जिससे दिल्ली में 19 किलोग्राम का सिलेंडर अब 1,818.50 रुपये का हो गया। यह लगातार पांचवीं मासिक वृद्धि है, जिससे अगस्त से अब तक कुल वृद्धि 172.5 रुपये हो गई है। मुंबई में अब इसकी कीमत 1,771 रुपये, कोलकाता में 1,927 रुपये और चेन्नई में 1,980 रुपये हो गई है, जो एक साल में सबसे अधिक है।
इससे पहले, वाणिज्यिक एलपीजी की कीमतों में चार महीनों में 148 रुपये की कटौती की गई थी, लेकिन हाल ही में की गई बढ़ोतरी ने इन कटौतियों को बेअसर कर दिया है।
इसके विपरीत, घरेलू एलपीजी की दरें 14.2 किलोग्राम के सिलेंडर के लिए 803 रुपये पर अपरिवर्तित बनी हुई हैं। इसी तरह, मार्च में 2 रुपये प्रति लीटर की कटौती के बाद से पेट्रोल-डीजल की में कोई बदलाव नहीं हुआ है, दिल्ली में पेट्रोल के दाम 94.72 रुपये और डीजल के दाम 87.62 रुपये प्रति लीटर है।

