एनबीएफसी इकोफाई ने तिपहिया वाहनों के लिए ऋण उपलब्ध कराने के लिए टीवीएस मोटर के साथ साझेदारी की घोषणा की है। दोनों कंपनियों ने एक संयुक्त बयान में कहा कि इस रणनीतिक सहयोग का उद्देश्य देश में इलेक्ट्रिक तिपहिया वाहनों को अपनाने में तेजी लाना और पर्यावरण के अनुकूल परिवहन को बढ़ावा देना है।
एवरसोर्स कैपिटल समर्थित इकोफाई एक गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनी है जो हरित क्षेत्र के लिए वित्तपोषण प्रदान करती है। टीवीएस मोटर कंपनी देश की प्रमुख दोपहिया और तिपहिया वाहन निर्माता कंपनी है। इस बारे में इकोफाई की सह-संस्थापक, प्रबंध निदेशक (एमडी) और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) राजश्री नांबियार ने एक बयान में कहा, “टीवीएस मोटर कंपनी के साथ यह साझेदारी स्वच्छ ऊर्जा के प्रति हमारी प्रतिबद्धता के अनुरूप है। टीवीएस मोटर के मजबूत वितरण और नेटवर्क के साथ, हम यात्री और कार्गो इलेक्ट्रिक तिपहिया वाहनों दोनों के लिए व्यापक वित्तपोषण समाधान पेश करने में सक्षम होंगे।”
TVS Motor कंपनी के commercial vehicle business के प्रमुख रजत गुप्ता ने कहा, “इकोफाई के साथ सहयोग करने से हमें अपनी विनिर्माण विशेषज्ञता को उनकी अभिनव वित्तीय सेवाओं के साथ जोड़ने का अवसर मिलेगा। यह पर्यावरण के अनुकूल परिवहन समाधान प्रदान करने की हमारी प्रतिबद्धता के अनुरूप है।”

