भारत की प्राइवेट सेक्टर की सबसे बड़ी स्वास्थ्य बीमा कंपनी स्टार हेल्थ पर साइबर अटैक के कारण करोड़ों लोगों का निजी डेटा खतरे में है। स्टार हेल्थ के 3 करोड़ से ज्यादा ग्राहकों की डिटेल चोरी हो गई है। कंपनी ने खुलासा किया कि एक बड़े साइबर हमले में ग्राहकों का डेटा लीक होने के बाद उसे 68,000 डॉलर (करीब 57 लाख रुपये) की फिरौती की धमकी दी गई थी।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक हैकर ने वेबसाइट और टेलीग्राम चैट के जरिए टैक्स से जुड़ी जानकारी और मेडिकल रिकॉर्ड समेत संवेदनशील जानकारियां पब्लिक डोमेन में लीक कर दीं। डेटा लीक होने के कारण स्टार हेल्थ की ओर से आंतरिक जांच शुरू कर दी गई है। इसके अलावा कंपनी ने कानूनी कार्रवाई भी की है। स्टार हेल्थ का कहना है कि वह लक्षित साइबर हमलों के परिणामों को नियंत्रित करने की कोशिश करती है।
कंपनी ने खुलासा किया कि हैकर (हैंडल xenZen) ने अगस्त में एक ईमेल भेजकर 68,000 डॉलर (करीब 57 लाख रुपये) की फिरौती मांगी थी हैकर द्वारा चुराए गए डेटा में संवेदनशील टैक्स जानकारी और मेडिकल क्लेम रिकॉर्ड शामिल हैं। यह डेटा टेलीग्राम और हैकर द्वारा संचालित एक विशेष वेबसाइट पर लीक किया गया था।

