सोशल मीडिया पर एक पोस्ट किसी कंपनी को बहुत भारी पड़ सकती है, कुछ ऐसा ही ओला इलेक्ट्रिक कंपनी के साथ हुआ. उनके सीईओ भाविश अग्रवाल की एक पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर जो बहस शुरू हुई उसने एक झटके में कंपनी के शेयर को 9 प्रतिशत नीचे ला पटका।
दरअसल ओला इलेक्ट्रिक के सीईओ भाविश अग्रवाल ने ओला गीगाफेक्ट्री की एक तस्वीर अपनी आईडी से पोस्ट की जिसे 6 अक्टूबर को स्टैंड अप कॉमेडियन कुणाल कामरा ने रीपोस्ट करते हुए नितिन गड़करी को टैग कर दिया. उसके बाद भाविश अग्रवाल और कुणाल कामरा के बीच तीखी बहस शुरू हो गई जिसका असर आज शेयर बाज़ार खुलने पर कंपनी के शेयर पर भी देखने को मिला है. 7 अक्टूबर को बाजार खुलते ही ओला इलेक्ट्रिक के शेयर में 9% की गिरावट आ गई.
बता दें कि ओला इलेक्ट्रिक हाल ही में बाजार में लिस्ट हुआ था. लिस्ट होने के बाद कंपनी के शेयरों ने निवेशकों को बंपर रिटर्न भी दिया. लेकिन जल्दी ही इस तेज़ी पर विराम लग गया और ओला इलेक्ट्रिक का स्टॉक 157 रुपए का शिखर छूने के बादअब 90 रुपए पर ट्रेड कर रहा है. इस गिरावट के बारे में बताया जा रहा है कि कंपनी ने कुछ दिन पहले 4 व्हीलर के प्रोग्राम को होल्ड कर दिया था जिसका थोड़ा असर शेयर पर देखा गया. इसके बाद भाविश अग्रवाल का ये सोशल मीडिया पोस्ट गिरावट का नया कारण बना है.

