बुधवार को देश के सबसे बड़े बैंक भारतीय स्टेट बैंक के नए चेयरमैन चल्ला श्रीनिवासुलु सेट्टी यानी सीएस सेट्टी ने का पदभार संभाल लिया। सेट्टी ने सार्वजनिक क्षेत्र के सबसे बड़े ऋणदाता को सबसे मूल्यवान वित्तीय संस्थान बनाने के लिए अपनी प्रतिबद्धता जताई। उन्होंने कहा कि उनका प्रयास बैंक का शुद्ध लाभ बढ़ाने का भी होगा। एसबीआई के नए चेयरमैन ने कहा कि यह भारत का दशक है। कार्यभार संभालने के तुरंत बाद सेट्टी ने कर्मचारियों को आश्वासन दिया कि एसबीआई को देश का सर्वश्रेष्ठ बैंक बनाने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने अपने संदेश में कहा कि आज की तारीख में एसबीआई 50 करोड़ से अधिक ग्राहकों को सेवा प्रदान करता है। सेट्टी ने कहा कि बैंक विभिन्न उत्पादों की श्रेणी में बाजार में अग्रणी है। अपने पूर्व चेयरमैनों के प्रति आभार जताते हुए उन्होंने कहा कि इस दशक की शुरुआत से बाजार पूंजीकरण के मामले में बैंकों के बीच हमारी वैश्विक रैंकिंग 35 पायदान चढ़कर 52 से 17 पर पहुंच गई है। सेट्टी ने कहा कि अब हमारी बारी है कि हम इसी आधार पर आगे बढ़ें और एसबीआई को देश का सर्वश्रेष्ठ बैंक बनाएं।
बता दें कि चल्ला श्रीनिवासुलु सेट्टी ने दिनेश खारा की जगह ली है। खारा मंगलवार को कारोबारी घंटों के अंत में बैंक की सेवाओं से सेवानिवृत्त हो गए। सेट्टी इससे पहले एसबीआई के सबसे वरिष्ठ प्रबंध निदेशक थे। 59 वर्षीय सेट्टी ने वर्ष 1988 में एसबीआई में प्रोबेशनरी ऑफिसर के तौर पर अपना करियर शुरू किया था, अब वह आज से देश के सबसे बड़े बैंक में शीर्ष पद पर विराजमान हो गए हैं। चल्ला श्रीनिवासुलु सेट्टी के बारे में अक्सर कहा जाता है कि वह मृदुभाषी, बहुमुखी प्रतिभा के धनी और लोगों के बीच लोकप्रिय हैं। वह एक ठोस बैंकर भी हैं, जिन्हें सरकारी बैंक में काम के लगभग सभी प्रमुख क्षेत्रों का अनुभव है।

