प्रमुख दोपहिया वाहन निर्माता कंपनी हीरो मोटोकॉर्प को जीएसटी से 17 करोड़ रुपये से अधिक की कर मांग का नोटिस मिला है। कंपनी ने शेयर बाजार के साथ एक महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। हीरो मोटोकॉर्प ने कहा कि उसे दोपहिया वाहन निर्माता ने शेयर बाजार को दिए नोटिस में कहा कि उसे वित्तीय वर्ष 2019-20 के लिए इनपुट टैक्स क्रेडिट की अनुमति न देने के मामले में दिल्ली सरकार के जीएसटी (वस्तु एवं सेवा कर) अधिकारी के कार्यालय से 17 अगस्त, 2024 की तारीख का आदेश प्राप्त हुआ है।
हीरो मोटोकॉर्प ने कहा कि नोटिस के अनुसार कर के रूप में 9,38,66,513 रुपये की मांग की गई है। इसके साथ ही ब्याज के रूप में 7,32,15,880 रुपये और जुर्माने के रूप में 93,86,651 रुपये की मांग की गई है। हीरो मोटोकॉर्प का कहना है कि उनके आकलन के आधार पर कर की मांग कानून के तहत विचार करने लायक नहीं है।
हीरो मोटोकॉर्प ने कहा कि कंपनी का इनपुट टैक्स क्रेडिट का दावा जीएसटी प्रावधानों के अनुरूप है। हालांकि, आपूर्तिकर्ता के नियमों का पालन न करने के कारण इसे खारिज कर दिया गया है और इसके लिए कंपनी जिम्मेदार नहीं है। कंपनी इस मामले में अपील दायर करने समेत उचित कदम उठाएगी। हीरो मोटोकॉर्प ने कहा कि इससे कंपनी की वित्तीय, परिचालन या अन्य गतिविधियों पर कोई असर नहीं पड़ा है।

