एयर इंडिया के साथ विलय से पहले विस्तारा ने गैर-उड़ान कार्यों में लगे कर्मचारियों के लिए स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति के साथ-साथ स्वैच्छिक पृथक्करण योजनाओं की पेशकश की है। अधिकारियों से मिली जानकारी के मुताबिक विस्तारा टाटा और सिंगापुर एयरलाइंस का संयुक्त उद्यम है। इसमें स्थायी और अनुबंध सहित 6,500 से अधिक कर्मचारी हैं। अधिकारियों ने कहा कि गैर-उड़ान कार्यों में लगे स्थायी कर्मचारियों के लिए स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति योजना (VRS ) और स्वैच्छिक पृथक्करण योजना (VSS ) की पेशकश की गई है।
पात्र कर्मचारी 23 अगस्त तक इन योजनाओं के लिए आवेदन कर सकते हैं। वीआरएस उन लोगों के लिए है, जिन्होंने एयरलाइन में पांच साल की सेवा पूरी कर ली है, जबकि वीएसएस उन कर्मचारियों के लिए है, जिन्होंने अभी तक एयरलाइन में पांच साल की सेवा पूरी नहीं की है। ये योजनाएं इस महीने की शुरुआत में टाटा समूह के स्वामित्व वाली एयर इंडिया द्वारा शुरू की गई योजनाओं के समान हैं। ये योजनाएं पायलटों, चालक दल के सदस्यों और उन लोगों पर लागू नहीं होंगी, जिनके पास अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए लाइसेंस हैं।
इन योजनाओं पर विस्तारा की ओर से कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की गई। एयरलाइन ने 2015 में उड़ान भरना शुरू किया था। सूत्रों ने इस महीने की शुरुआत में बताया था कि Air India ने उड़ान सेवा के अलावा अन्य कार्यों में कम से कम पांच साल की सेवा वाले स्थायी कर्मचारियों के लिए Voluntary Retirement Scheme (वीआरएस) शुरू की है। Voluntary Separation Scheme (वीएसएस) पांच साल से कम समय तक काम करने वाले कर्मचारियों के लिए शुरू की गई है।

